देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा का मानसून सत्र 18 सितंबर से प्रारंभ होने जा रहा है। इसमें प्रश्नों की खूब झड़ी लगेगी। वहीं, विपक्ष सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।  

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के अनुसार अभी तक 930 तारांकित व अतारांकित प्रश्न आ चुके हैं। इस बीच विस अध्यक्ष ने विधानसभा में सत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सत्र में कोई व्यवधान न हो, इसके लिए विभाग पहले से ही सभी तैयारियां पूरी कर लें। 

मानसून सत्र में प्रश्न लगाने के लिए विधायक खासी रुचि ले रहे हैं और बड़ी संख्या में अब तक आए प्रश्न इसकी तस्दीक भी करते हैं। विधानसभा में सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित बैठक लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि बड़ी संख्या में प्रश्न आना, विधायकों की जागरूकता को दर्शाता है। 

उन्होंने बताया कि अभी तक 930 तारांकित व अतारांकित प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं। 70 अल्पसूचित प्रश्नों में छह स्वीकार कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 174 याचिकाएं और पांच विधेयकों को भी सत्र के दौरान सदन के पटल पर रखा जाएगा। 

इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल ने सत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हुई बैठक में कहा कि पिछले सत्रों की भांति इस सत्र में भी सभी अधिकारियों का सहयोग अनिवार्य है। विस परिसर के अंदर और सभा मंडल में जारी प्रवेश पत्र व सुरक्षा चेकिंग के संबंध में भी चर्चा हुई। 

तय हुआ कि वाहनों की पार्किंग चिह्नित स्थानों पर ही की जाएगी। बैठक में प्रमुख सचिव गृह आनंद व‌र्द्धन, डीपीजी अनिल रतूड़ी, एडीजी अशोक कुमार, वी.विनय कुमार, सचिव हरबंस चुघ, राज्य संपत्ति अधिकारी विनय शंकर पांडे, अपर सचिव सचिव सचिवालय प्रशासन अर्जुन सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Post A Comment: