देहरादून: भारतीय जनता पार्टी आगामी लोकसभा चुनावों में हाईटेक बूथ प्रबंधन के जरिए चुनावी गतिविधियों को अंजाम देगी। इसके लिए बूथ स्तर तक के सोशल मीडिया ग्रुप बनाए जाएंगे ताकि एक क्लिक से ही सबको क्रियाशील किया जा सके। पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश सरकार द्वारा भ्रष्टाचार पर किए जा रहे प्रहार और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे। पार्टी ने अब चुनावों तक के लिए बाकायदा विस्तृत कार्यक्रमों की श्रृखंला तैयार की है। इसके जरिये जनता को भाजपा के पक्ष में लामबंद किया जाएगा और विपक्ष के आरोपों पर सरकार का पक्ष रखा जाएगा।
बरसात के मद्देनजर पार्टी ने महासंपर्क अभियान की समय सीमा को 30 सितंबर तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। गुरुवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी पदाधिकारियों व मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों की बैठक हुई। बैठक में आगामी लोकसभा चुनावों के साथ ही महासंपर्क अभियान व भावी कार्यक्रमों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों द्वारा जनता में फैलाए जा रहे भ्रम को लेकर बहुत दृढ़ता और स्पष्टता से अपनी बात रखनी है।
केंद्र द्वारा हर वर्ग के विकास के लिए जो काम किए जा रहे हैं उससे पूरे देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है। केंद्र द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को पूरा करना है। इसके लिए बूथ स्तर तक की संरचना को बहुत मजबूत करना है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा आगामी लोकसभा चुनाव की दृष्टि से कार्ययोजना तैयार कर प्रदेश के हर व्यक्ति और मतदाता तक पहुंचना है। पिछले चुनाव में पार्टी को प्रदेश में 55 फीसद मत मिले थे अब लक्ष्य 65 प्रतिशत मत पाने का है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति है और हाल ही में लिए गए निर्णयों से यह साफ भी हो गया है। सरकार का यह धर्मयुद्ध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि संदेश देने में सोशल मीडिया की अहम भूमिका हो सकती है। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है। केंद्र व प्रदेश की सरकारें तेजी से आगे बढ़ रही हैं। आने वाले लोकसभा व स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा कार्यकर्ता लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूर्ण समर्पण से कार्य करेंगे। अपने नेतृत्व की बेदाग छवि और कार्यो के आधार पर पार्टी विजय प्राप्त करेगी।

Post A Comment: