देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा का मानसून सत्र के शुरू होते ही विपक्ष ने महंगाई पर 310 की चर्चा कराने को लेकर हंगामा किया। स्पीकर के नियम 58 के तहत मामले को सुनने के आश्वासन पर कांग्रेस विधायक शांत हुए। इसके बाद प्रश्नकाल शुरू हुआ।
आज सत्र की कार्यवाही में हिस्सा लेने के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी विधानसभा पहुंचे। वहीं, नेता प्रतिपक्ष डाॅ इंदिरा हृदयेश भी विधानसभा पहुंची। पहले दिन मलिन बस्तियों में तोड़फोड़ और अतिक्रमण हटाने के लिए लाए गए अध्यादेश समेत दो अध्यादेश और दो संशोधन विधेयक सदन के पटल पर रखे जाएंगे। इसके अलावा अधीनस्थ सेवा चयन आयोग संशोधन विधेयक पुनर्विचार के लिए रखा जाएगा। इस सत्र के लिए विधायकों ने 1010 प्रश्न लगाए गए हैं।
सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। विपक्ष कानून व्यवस्था, बच्चों-महिलाओं पर अत्याचार व अपराध, राज्य की वित्तीय स्थिति, महंगाई समेत अन्य मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोलने की तैयारी में है, तो सत्ता पक्ष ने भी इसका जवाब देने को रणनीति तय की है। इस कड़ी में भाजपा व कांग्रेस विधानमंडल दलों की बैठक में सोमवार को रणनीति तय की गई।


Post A Comment: