पिथौरागढ़: तहसील के बुंगली क्षेत्र का एक जवान राजेंद्र सिंह सीमा पर शहीद हो गया। परिवार के इकलौते पुत्र का पार्थिव शरीर शनिवार को गांव पहुंचने की उम्मीद है। राजेंद्र को इसी दीवाली पर छुट्टी लेकर घर पहुंचना था, लेकिन शुक्रवार को उसकी शहादत की खबर ने परिजनों, दोस्तों एवं क्षेत्रवासियों को स्तब्ध कर दिया।

बुंगली क्षेत्र के बडेनाकुंड गांव का रहने वाला राजेंद्र सिंह बुंगला शुक्रवार को अनंतनाग जिले के काजीकुंडाताल में पेट्रोलिंग पर था। इसी दौरान आतंकवादी हमला हो गया। बहादुरी से लड़ते हुए राजेंद्र ने शहादत दे दी। 23 वर्ष के राजेंद्र के सीमा पर शहीद होने की जानकारी मिलते ही बुंगली क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शहीद के पिता चंद्र सिंह गांव में ही खेतीबाड़ी कर आजीविका चलाते हैं। मां मोहिनी देवी गृहणी हैं। तीन बहनों के इकलौते अविवाहित भाई राजेंद्र की बड़ी बहन रेखा की शादी हो चुकी है। दो छोटी बहन खीमा और पूजा की जिम्मेदारी राजेंद्र के कंधों पर ही थी। राजेंद्र तीन वर्ष पूर्व ही जाट रेजीमेंट में भर्ती हुआ था। इकलौते पुत्र की शहीद होने सूचना से मां-पिता सदमे में हैं। मां बार-बार बेहोश हो रही हैं। छोटी बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

Post A Comment: