देहरादून: नगर निकाय चुनाव के लिए चार घंटे तक चली मैराथन बैठक के बाद भाजपा ने शनिवार देर रात नगर निगमों में महापौर और नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए 78 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। शेष छह प्रत्याशियों के नाम रविवार को घोषित किए जाएंगे। प्रत्याशी चयन में जहां मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की पसंद को तवज्जो दी गई, वहीं उम्मीदवारों के अनुभव के साथ ही उनकी सर्वग्राही और सर्वस्पर्शी छवि को महत्व दिया गया है। यही नहीं, कुछ नए चेहरों पर भी पार्टी ने दांव खेला है। महापौर पद के प्रत्याशियों में सुनील उनियाल गामा (देहरादून), अनु कक्कड़ (हरिद्वार), अनीता ममगाईं (ऋषिकेश), नीतू रावत (कोटद्वार), उषा चौधरी (काशीपुर), रामपाल सिंह (रुद्रपुर) व जोगेंद्र रौतेला (हल्द्वानी) शामिल हैं।

भाजपा में निकाय चुनाव में प्रत्याशी चयन को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही माथापच्ची को शनिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में हुई पार्टी की निकाय चुनाव संचालन समिति की बैठक में मुकाम मिला। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की मौजूदगी में हुई समिति की बैठक में दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे से चार घंटे तक गहन मंथन चला।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक बैठक में 84 नगर निकायों के अध्यक्ष की कुर्सी के लिए उम्मीदवार तय करने के संबंध में तैयार किए पैनल और कुछ समय पहले पार्टी की ओर से कराए गए सर्वे में सामने आए बिंदुओं को रखा गया। एक-एक प्रत्याशी के बारे में न सिर्फ चर्चा की गई, बल्कि सियासी और सामाजिक समीकरणों के साथ ही प्रत्याशी की बेदाग छवि, जनता के बीच पकड़ को कसौटी पर परखने के बाद नामों पर मुहर लगाई गई।

हालांकि, चार घंटे तक चली बैठक में सूची करीब-करीब फाइनल कर ली गई थी, लेकिन ऋषिकेश नगर निगम और कुछेक नगर पालिका परिषदों में प्रत्याशी चयन को कुछ और जानकारी मांगी गई। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्यमंत्री रावत के अलावा भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत, मदन कौशिक व यशपाल आर्य, राज्यमंत्री डॉ.धन सिंह रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला, महामंत्री नरेश बंसल, खजानदास व गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष नीलम सहगल मौजूद रहे।

Post A Comment: