देहरादून। उत्तराखंड समाजवादी पार्टी में मचे घमासान के चलते राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप रावत को पद से हटाते हुए पूरी कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। अब जल्द ही नई कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी।
उत्तराखंड समाजवादी पार्टी में घमासान तब शुरू हुआ, जब नवंबर में प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह रावत ने अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी के दो प्रदेश महासचिव व एक जिलाध्यक्ष को निलंबित कर दिया था। प्रदेश अध्यक्ष के इस कदम पर निलंबित पदाधिकारियों ने लखनऊ जाकर सपा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की और अपना पक्ष रखा।
इसके बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश अध्यक्ष के फैसले को पलटते हुए तीनों पदाधिकारियों को बहाल कर दिया। बहाल होने के बाद प्रदेश महासचिव अतुल शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप रावत पर गुटबाजी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। इस पर प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप रावत ने कहा कि इस संबंध में जल्द ही केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात की जाएगी। रविवार को प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप रावत ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर अपनी बात रखी।

Post A Comment: