देहरादून। मसूरी विधायक गणेश जोशी को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने को लेकर पूर्व सैनिक संगठनों ने विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पूर्व सैनिकों को केंद्रीय नेतृत्व से इस मामले में बात करने का भरोसा दिया है।
गढ़वाल राइफल्स और असम राइफल के पूर्व सैनिक संगठनों ने जनरल वीके सिंह (सेनि.) से कहा कि विधायक जोशी निरंतर सैनिकों और पूर्व सैनिकों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनने के साथ ही समाधान भी करते हैं। उनकी पहल पर गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में सैनिक सम्मान समारोह आयोजित किए गए।
वीरता पदक प्राप्त सैनिकों, वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। जिससे सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों का मनोबल बढ़ा है। गढ़वाल राइफल्स के पूर्व सैनिक कैप्टन धनीराम नैनवाल ने बताया कि शहीद सैनिकों के नाम पर शहीद द्वार का निर्माण व अन्य कार्य भी विधायक गणेश जोशी कर रहे हैं। इस दौरान रिटायर्ड सुबेदार मेजर अमर सिंह गुसाईं, कैप्टन चंद्रवीर, कैप्टन बीएस कुवंर, कैप्टन एसएस सजवाण, कैप्टन आरएस चौधरी आदि पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।


Post A Comment: