ऋषिकेश 20 दिसंबर। राजकीय महाविद्यालय ऋषिकेश में एम ए इतिहास विषय के प्रथम सेमेस्टर के प्रश्न पत्र में हुई खामियों से आक्रोशित छात्रों ने प्रशासनिक भवन पर तालाबंदी कर कालेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से दोबारा से प्रश्न पत्र करवाने की मांग की है। गुरुवार को राजकीय महाविद्यालय ऋषिकेश में छात्रसंघ अध्यक्ष अरविंद पवार के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने इस बात को लेकर महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन पर ताला जड़ दिया कि एम ए इतिहास के प्रथम सेमेस्टर में पूछे गए प्रश्न पत्र में जो प्रश्न पूछे गए हैं वह पाठ्यक्रम से बाहर से पूछे गए हैं। इससे छात्र-छात्राओं को प्रश्न पत्र करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। छात्रों का कहना है कि कई छात्रों ने तो यह पेपर छोड़ दिया। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन से दोबारा से प्रश्न पत्र करवाने की मांग की है। वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर एमपी माहेश्वरी ने छात्र-छात्राओं को आश्वासन देते हुए कहा कि वह इस विषय में इतिहास विषय के विशेषज्ञों की एक टीम गठित करेंगे। जो इस पर निर्णय लेगी। प्राचार्य के आश्वासन पर छात्र-छात्राओं ने प्रशासनिक भवन पर लगा ताला खोल दिया। ---------वहीं इस संबंध में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर एमपी माहेश्वरी से बात करने पर उन्होंने बताया कि प्रश्न पत्र पाठ्यक्रम से ही आया हुआ है। तीन छात्रों के अलावा अन्य छात्रों ने परीक्षा दी है। जिन छात्रों ने परीक्षा दी है उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्र पाठ्यक्रम के तहत ही आया हुआ है मगर यह पढ़ाया नहीं गया है। वहीं उन्होंने बताया कि फिर भी छात्रों भविष्य को देखते हुए उन्होंने इस संबंध में इतिहास विषय के विशेषज्ञों की टीम गठित कर प्रश्न पत्र का विश्लेषण करवाने को भेजा है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Post A Comment: