देहरादून। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रदेश व केंद्र की भाजपा सरकारों पर जनविरोधी फैसले लेने का आरोप लगाया। कहा कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के कार्यकर्ता राज्य की त्रिवेंद्र सरकार व केंद्र की मोदी सरकार की नाकामी जन-जन तक पहुंचाएं। यह बात उन्होंने गुरुवार को राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कही।

पार्टी की ओर से सहयोग निधि व जनसंपर्क अभियान कार्यक्रम इस माह से प्रदेशभर में शुरू किया गया है। जिसके तहत सहसपुर विधानसभा क्षेत्र को 40 लाख रुपये सहयोग राशि एकत्र करने का लक्ष्य दिया गया है। प्रीतम सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों को नसीहत दी कि वह गांवों एवं मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें। 

इस दौरान सहयोग राशि का फॉर्म भी भरें और केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों की नाकामी से भी लोगों को अवगत कराएं। कहा कि तीन राज्यों में भाजपा को मिली करारी हार के बाद अब देश की जनता लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए तैयार है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक मतदाताओं से संपर्क करना होगा। 

Post A Comment: