ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश में बृहस्पतिवार को नेशनल डेंगू डे पर जनजागरूकता अभियान चलाया गया, जिसके तहत मरीजों व उनके तीमारदारों को डेंगू बीमारी के कारण,बचाव व निवारण के बारे में जागरूक किया गया। बृहस्पतिवार को एम्स में मेडिसिन विभाग व कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वावधान में नेशनल डेंगू डे मनाया गया। इस अवसर पर बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने मेडिसिन ओपीडी में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को डेंगू बुखार के लक्षण व बरती जाने वाली सावधानियां बताई गई। साथ ही कई शैक्षणिक गतिविधियों को अस्पताल में टीवी स्क्रीन के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। एम्स निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर रवि कांत ने मरीजों व उनके तीमारदारों को बताया कि गर्मी के दिनों में कूलर व आसपास पानी जमा नहीं होने दें। कूलर का पानी सप्ताह में एक से दो बार जरूर बदलें। एम्स निदेशक प्रो.रवि कांत ने बताया कि इस बीमारी से बचाव के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करें व ऐसे वस्त्र पहनें जिनसे हाथ व पैर ढके रहें। उन्होंने बताया कि तेज सरदर्द व बुखार,मांस पेसियों व जोड़ों में दर्द होना, जी मचलाना, उल्टी होना इस बीमारी के लक्षण हैं। बीमारी की गंभीर अवस्था में नाक,मुहं और मसूड़ों से रक्त स्राव होने लगता है। इस अवसर पर मेडिसिन विभागाध्यक्ष डा.मीनाक्षी धर,कार्यक्रम समन्वयक डा.प्रसन कुमार पांडा, डा.रवि कांत, प्राचार्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग प्रो.सुरेश कुमार शर्मा,जनक जोशी के अलावा स्टाफ और नर्सिंग स्टूडेंट्स मौजूद थे।

Post A Comment: