ऋषिकेश। पुलिस ने हरियाणा से तस्करी के लिए लाई जा रही 280 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। इस शराब की कीमत 5 लाख रुपये के लगभग बताई जा रही है। पुलिस शराब तस्कर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शराब ट्रक में गुप्त केबिन बनाकर तस्करी की जा रही थी।
रविवार को देर सांय पुलिस टीम अवैध शराब की तस्करी की सूचना पर संदिग्ध वाहनों की कर रही थी। चैकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गढवाल मण्डल विकास निगम ऋषिकेश के सामने एक कन्टेनर (ट्रक) जिसका नम्बर यूपी 72-4336 है में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम मुखबिर की बतायी जगह पर पंहुची तो देखा जीएमवीएन के सामने एक कन्टेनर (ट्रक) खड़ा है। पुलिस टीम ने ट्रक को चारों तरफ से घेर लिया। ट्रक के अन्दर एक व्यक्ति था जिसने अपना नाम धर्मवीर पुत्र श्याम सिंह निवासी ग्राम कुठला वीरपुर, थाना सौरिख, जिला कन्नौज उत्तर प्रदेश बताया। पूछताछ में उसने बताया कि इस ट्रक के पीछे एक केबिन बना है जिसके अन्दर 280 पेटियों में अंग्रेजी शराब है। ट्रक को पीछे से खुलवाकर देखा तो ट्रक के अन्दर एक गुप्त केबिन बनाया हुआ था, जिस पर नट बोल्ट लगे थे। इन्हे खोलकर देखा तो उस केबिन में 280 पेटी 3366 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। धर्मवीर ने बताया कि यह शराब मैं सोनीपत से लेकर आया था व देवप्रयाग की तरफ लेकर जाना था। वाहन को राज्य सरकार के पक्ष में जब्त करने के सम्बन्ध में जिला मजिस्ट्रेट महोदय को रिपोर्ट प्रेषित की जायेगी। पुलिस ने बताया कि बरामद शराब की कीमत 5 लाख के लगभग है।
शराब तस्कर को दबोचने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश कोतवाली प्रवीण सिंह कोश्यारी, उपनिरीक्षक विजय भारती, कांस्टेबल शशिकान्त, नवनीत सिंह नेगी, देवेन्द्र चैधरी, आजाद सिंह व अमनदीप शमिल रहे। एसएसपी ने भारी मात्रा में शराब बरामद करने वाली पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की।

Post A Comment: