हरिद्वार बाइपास फाटक पर रविवार को एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने एनएच अधिकारियों, फ्लाई ओवर बना रहे ठेकेदार और ट्रैक्टर चालक पर मुकदमा दर्ज कराया है. निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटर सवार महिला की मौत हो गई थी, जबकि उनके पति घायल हुए हैं.
इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी राजेश साह ने बताया कि अजबपुर कला निवासी रिटायर्ड फौजी किशोर बहुगुणा रविवार को पत्नी पूनम संग स्कूटर से हरिद्वार बाईपास रोड से गुज़र रहे थे.
वह हरिद्वार बाईपास स्थिति रेलवे फाटक पर बन रहे रेल ओवरब्रिज के निर्माण वाले एरिया में कनिष्क हॉस्पिटल के सामने पहुंचे तो वहां सड़क संकरी और गड्ढों वाली होने के कारण उनका स्कूटर हल्का सा अनियंत्रित हुआ इसी दौरान उन्हें पीछे से ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी.
हादसे में स्कूटर पर किशोर के पीछे बैठी उनकी पत्नी पूनम की (38) मौत हो गई जबकि किशोर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के मुताबिक किशोर ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के साथ ही नेशनल हाइवे अधिकारियों और रेल ओवरब्रिज बना रहे ठेकेदार के खिलाफ निर्माण के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में तहरीर दी. इस पर पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक, अज्ञात एनएच अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ महिला की मौत और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
हादसे के बाद सिटी मजिस्ट्रेट मनोज गोयल और एसपी ट्रैफिक लोकेश्वर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों को कई खामियां मिलीं. एसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि मौके पर वाहन के संचालन के लिए बहुत संकरी सड़क छोड़ी गई है. उसमें भी गड्ढे हैं और जगह-जगह मलबा पड़ा है.
निरीक्षण में सामने आया कि मौके पर सड़क सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है. इसे लेकर दोनों अधिकारियों ने संयुक्त जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी और एसएसपी को भेज दी है.


Post A Comment: