उत्तरकाशी में बड़कोट पुलिस और एसओजी टीम ने गुलदार की खाल के साथ एक तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उसके पास से गुलदार की दो खाल बरामद की गई हैं जिसकी कीमत अंतराष्ट्रीय बाजार में 10 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
बड़कोट पुलिस को लम्बे समय से क्षेत्र में खाल तस्करी की सूचना मिल रही थी. इसके बाद पुलिस अधीक्षक ददन पाल ने ज़िले में हो रहे खाल तस्करी को रोकने के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे.
इसी बीच बड़कोट पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग बाघ की खाल बेचने की फिराक में हैं. सूचना मिलने के बाद जांच कर रही बड़कोट पुलिस और एसओजी की टीम ने भिड़ाका खड्ड उत्तरकाशी रोड के पास से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया.
उत्तरकाशी के एसएसपी ददनपाल के अनुसार आरोपी केदार पंवार का कहना है कि उसे यह खाल दो नेपालियों ने बेचने के लिए दी थी. तय यह हुआ था कि खाल बेचने के बाद मिलने वाले पैसे को दोनों पक्ष आधा-आधा बांट लेंगे.
एसएसपी के अनुसार आरोपी अफ़ीम रखने के आरोप में हरियाणा में जेल की सज़ा काट रहा था और जनवरी में ही ज़मानत पर छूटकर आया है.


Post A Comment: