देहरादून। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने विगत आठ दिसंबर को क्षेत्र के इंडियन ओवरसीज बैंक के जोगीवाला स्थित एटीएम में हुई कार्ड क्लोनिंग की घटना का खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से कंप्यूटर, स्कीमर, सीसीटीवी कैमरा, वायरलेस रिसीवर व क्लोन किए गए कार्ड व नकदी बरामद की है।
आरोपितों में से एक बिल्डिंग डिजाइनर और एक रेस्टोरेंट संचालक है। दोनों ने एटीएम से 65 कार्ड क्लोन कर लिए थे। जिसमें से 15 खातों से उन्होंने दून व हरिद्वार से चार लाख 66 हजार रुपये निकाल लिए थे। एक आरोपित पहले भी एटीएम क्लोनिंग में आगरा से जेल जा चुका है।
विदित हो कि 15 दिसंबर को इंडियन ओवरसीज बैंक के नत्थनपुर, जोगीवाला शाखा के एटीएम में कार्ड क्लोनिंग की शिकायत लोगों ने पुलिस से की थी। यहां शातिरों ने स्कीमर और खुफिया कैमरा लगाकर लगभग 65 लोगों के एटीएम का क्लोन तैयार कर लिया था। इसकी जानकारी लोगों को तब मिली जब उनके खातों से पैसे निकलने शुरू हुए।
एक के बाद एक जब 15 शिकायतें पुलिस और बैंक के पास पहुंची तो बैंक के शाखा मैनेजर नरेंद्र राणा ने कोतवाली नेहरू कॉलोनी में तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने बताया कि इसके बाद इस मामले के खुलासे के लिए इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

Post A Comment: